मैनपुरी उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आज मैनपुरी के करहल में दावा किया कि करहल विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है और भाजपा उपचुनाव में करहल विधानसभा सीट जीतेगी। उन्होंने कहा कि बूथ वार कार्यकर्ताओं से वार्ता कर चुनाव जीतने की रणनीति बनायेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें करहल विधानसभा जिताने की जिम्मेदारी दी है और वह इस जिम्मेदारी को पूरा करने के प्रयासरत हैं। बता दें कि यूपी में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा इस उपचुनाव में सभी सीटों पर जीत हासिल करना चाहती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में प्रति विधानसभा 3 मंत्रियों को जिम्मेदारी दी है। साथ ही सीएम योगी ने खुद भी कमान अपने हाथों में ली है। मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के विधान सभा सीट से इस्तीफा दिए जाने के कारण रिक्त हुई है। अखिलेश यादव कन्नौज से सांसद चुने जा चुके हैं। सीएम योगी ने डिप्टी सीएम को करहल विधानसभा सीट से जिताने की जिम्मेदारी दी है। मैनपुरी सीट से जीतना भाजपा के लिए चुनौती है। मैनपुरी में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि करहल सीट पर बीजेपी दमदारी से चुनाव लड़ेगी और सपा से यह सीट इस बार छीन लेगी। श्री पाठक के रविवार को करहल आगमन पर जिले के भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा के बाद उपमुख्यमंत्री बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ उपचुनाव को लेकर मंथन करेंगे और चुनाव जीतने की रणनीति बनायेंगे।
