ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी अमित रोहिदास को राज्य लौटने पर सम्मानित किया। रोहिदास ने पेरिस ओलंपिक में देश को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।भारतीय टीम के रक्षा पंक्ति के मुख्य खिलाड़ी रोहिदास का यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। माझी ने कहा, ‘‘अमित ओडिशा का गौरव हैं। उन्होंने भारत और ओडिशा दोनों का नाम रोशन किया है। हमें उम्मीद है कि भारतीय हॉकी टीम अगले ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतेगी।’’ओडिशा सरकार ने पूर्व में भारतीय हॉकी टीम का प्रायोजन 2036 तक जारी रखने और रोहिदास को चार करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। रोहिदास ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम में एकमात्र ओडिया खिलाड़ी हैं।ओडिशा सरकार ने ओलंपिक में भाग लेने वाली भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 15 लाख रुपये और सहयोगी सदस्यों को 10 लाख रुपये देने की भी घोषणा की है। भारतीय हॉकी के लंबे समय से समर्थक रहे पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी रोहिदास को अपने आवास पर सम्मानित किया।पटनायक ने कहा कि रोहिदास की सफलता भावी पीढ़ियों को प्रेरित करेगी और उन्होंने भारतीय हॉकी टीम को भविष्य के खेलों में सफलता की शुभकामनाएं दीं। रोहिदास ने खेल को लगातार बढ़ावा देने के लिए पटनायक का आभार व्यक्त किया और उन्हें टीम की जर्सी और पेरिस ओलंपिक शुभंकर भेंट किया।
