लखनऊ । राजधानी लखनऊ में अचानक मौसम ने करवट ली। दोपहर 2 बजे तक तेज धूप और गर्मी रही। इसके बाद मौसम बदल गया। काले बादल छाए और कृष्णा नगर, सरोजनी नगर एरिया में तेज बारिश शुरू हो गई। शहर के कई इलाकों में काले बादल छा गए हैं। जबकि मौसम विभाग का दावा था कि 5 अक्टूबर को मानसून पूरी तरह लौट चुका है। अब बारिश की संभावना न के बराबर है, लेकिन रविवार दोपहर हुई बारिश ने सारे कयासों पर पानी फेर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि लो प्रेशर की वजह से रविवार और सोमवार को लखनऊ सहित आसपास के एरिया में बारिश होगी। कहीं हल्की बारिश तो कहीं सिर्फ बूंदाबांदी होगी। मौसम विभाग की मानें तो 5 अक्टूबर से लखनऊ में मानसून का सीजन खत्म हो गया। पूरे प्रदेश में करीब एक सप्ताह की देरी से मानसून विदा हो चुका है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 1 सप्ताह से मानसून दोबारा से पश्चिमी यूपी की तरफ लौट रहा था, लेकिन 5 अक्टूबर को यह पीछे खिसक गया। फिलहाल मानसून के लौटने की स्थिति नहीं बन रही है। अक्टूबर से दिसंबर तक सामान्य से अधिक बरसात की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। लखनऊ में आने वाले पांच दिनों तक मौसम साफ बना रहेगा। बादल भी छाए रह सकते हैं, हालांकि बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
