अयोध्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि अयोध्या को दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में स्थापित करने की कल्पना आज साकार हो रही है। राजकीय इंटर कालेज के प्रांगण में लोकसभा प्रत्याशी लल्लू सिंह के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए योगी ने गुरुवार को कहा कि अयोध्या को दुनिया की सुंदरतम नगरी के रूप में स्थापित करने की कल्पना आज साकार हो रही है। इसी परिकल्पना को साकार करने के लिये यहां पर 2017 में हमने दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया था। जब दीपोत्सव का आयोजन करते थे तो विपक्ष के लोग बोलते थे कि यह तो एक औपचारिकता है और हम कहते थे कि एक औपचारिकता नहीं है बल्कि भगवान राम के आगमन के पहले की तैयारी है। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हो रहा है वह प्रभु के आगमन के पूर्व की तैयारी की जा रही है। अयोध्यावासियों को मानसिक रूप से तैयार किया जा रहा है और मैं तो हमेशा आता था। प्रधानमंत्री हमेशा पूछते थे कि अयोध्या में क्या हो रहा है। दीपोत्सव के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं आये थे। इस वर्ष तो 54 देशों के राजदूत भी आये थे। उन्होंने कहा कि राम पथ, धर्म पथ, भक्ति पथ, कोई सोचता था कि ऐसा होगा। उन्होंने अयोध्या नगरी के विकास कार्यों को समझाते हुए बताया कि सबका व्यवसाय भी कई गुना बढ़ा है। अयोध्या को कुछ नया देने के लिये आये हैं, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण परियोजना चालिस मेगावाट के सोलर प्लांट का उद्घाटन और चालिस मेगावाट का शिलान्यास सम्मिलित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या जो सूर्यवंश के राजधानी के रूप में जानी जाती है आज वह देश की पहली सोलर सिटी बन गयी है। अयोध्या का विकास डबल इंजन की सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीरामलला के भव्य और दिव्य, नव्य मंदिर में विराजमान होने के उपरान्त इतने बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में मुझे पहली बार आने का अवसर प्राप्त हुअ है। अयोध्या ने फिर से अपने आपको साबित किया है। आतिथ्य सेवा के लिये सोचिए कि मैं एक सप्ताह पहले देख रहा था कि, बाईस जनवरी से लेकर दस मार्च तक एक करोड़ श्रद्धालुओं ने प्रभु राम का दर्शन अयोध्या धाम में आकर किया। उन्होंने कहा कि प्रभु की ऐसी कृपा थी कि इतनी शांतिपूर्ण तरीके से और सौहार्दपूर्ण तरीके से दर्शन हो सके। सुगमता के साथ सुरक्षित तरीके से और आतिथ्य सेवा का भी अछ्वुत उदाहरण अयोध्यावासियों ने दिया है। मैं उन सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूं। उन्होंने कहा कि उसके लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बार-बार कोटि-कोटि अभिनंदन और आदर व्यक्त किया।योगी ने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी। अपराधी सरेआम घूमते थे। बहू-बेटियों की इज्जत बचाना मुश्किल था। प्रदेश में उद्योगपति आने को तैयार नहीं थे। बिजली और कानून व्यवस्था का पूरे प्रदेश में संकट था। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद जब मोदी की सरकार केन्द्र में बनी तो उत्तर प्रदेश में केन्द्र की योजनाओं को लागू नहीं किया जात था। मगर 2017 के बाद जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तबसे कानून व्यवस्था पटरी पर आयी। नाम लिये बगैर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या में परिंदा पर नहीं मार सकता। लेकिन प्राण प्रतिष्ठा के बाद एक करोड़ रामभक्तों ने रामलला का दर्शन किया। उन्होंने कहा कि पांच सौ वर्षों से जिस दिन प्रतीक्षा थी वह डबल इंजन की सरकार पूरी कर रही है। अयोध्या में दिव्य, भव्य, नव्य बना रही है। बत्तिस हजार करोड़ की योजनाओं का कार्य डबल इंजन की सरकार ला रही है। उन्होंने बताया कि अयोध्या में बड़े-बड़े होटल, फोरलेन की सडकें बनना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर तीसरी बार मोदी की सरकार आयेगी तो भारत दुनिया में सबसे विकसित देश बनेगा। इसके पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर और श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य और दिव्य बन रहे राम मंदिर पर विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन करने के बाद करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, विधायक अमित सिंह, विधायक रामचन्द्र यादव, भाजपा नेता बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, पूर्व विधायक रामू प्रियदर्शी, पूर्व विधायक ओमप्रकाश सिंह, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
