लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए मतदान 13 में को किया जा रहा है। देश में 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीटों पर मतदान किया जा रहा है। तीनों चरणों में मतदान अभी शेष है। वहीं चुनाव के नतीजे 4 जून को आने हैं।
चौथे चरण की मतदान के दौरान आंध्र प्रदेश में वोटिंग हो रही है। चौथे चरण के साथ ही आंध्र प्रदेश में आम चुनाव शाम को खत्म हो जाएगा। वही मध्य प्रदेश और तेलंगाना में भी चुनाव का अंतिम चरण है। चौथे चरण के बाद कल 18 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव खत्म हो जाएंगे।
चौथे चरण में इन दिग्गज की किस्मत लगी दांव पर
इस चरण में कुछ प्रमुख उम्मीदवारों में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (कन्नौज, उप्र) और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (बेगूसराय, बिहार), नित्यानंद राय (उजियारपुर, बिहार) और रावसाहेब दानवे (जालना, महाराष्ट्र) शामिल हैं। इनके अलावा कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार एवं पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान (दोनों बहरामपुर, पश्चिम बंगाल से), भाजपा की पंकजा मुंडे (बीड, महाराष्ट्र), एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (हैदराबाद-तेलंगाना) और आंध्र प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाई एस शर्मिला (कडप्पा) चुनाव मैदान में हैं।
उनके अलावा केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा उत्तर प्रदेश की खीरी सीट से हैट्रिक बनाने की जुगत में हैं। उनका बेटा 2021 के लखीमपुरी हिंसा कांड में आरोपी है। तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा भी पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से फिर संसद पहुंचने के प्रयास में लगी हुई हैं। उन्हें प्रश्न पूछने के बदले नकदी लेने के मामले में लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था। अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा आसनसोल से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला भाजपा के वरिष्ठ नेता एस एस अहलूवालिया से है। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष और तृणमूल कांग्रेस के कीर्ति आजाद बर्धमान-दुर्गापुर से चुनाव लड़ रहे हैं। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण तक अब तक 543 में से 283 सीट पर मतदान संपन्न हो चुका है। तेलंगाना की 17, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की आठ एवं जम्मू कश्मीर की एक लोकसभा सीट (श्रीनगर) पर सोमवार को मतदान होगा।