बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा बी-टाउन के सबसे चर्चित कपल में से एक है। हाल ही में दोनों सितारे लोकसभा चुनाव 2024 में अपना वोट डालने के लिए महाराष्ट्र के लातूर में एक मतदान केंद्र पहुंचे। सोशल मीडिया पर दोनों की इस दौरान की तस्वीरें सामने आई हैं। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान मंगलवार को 94 निर्वाचन क्षेत्रों में हो रहा है। इसमें 10 राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा वोट डालने के लिए मतदान केंद्र के अंदर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। रितेश सफेद इस दौकान सफेद कुर्ते में दिखाई दे रहे हैं। वहीं, जेनेलिया पीली साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। दोनों वोट डालने के लिए लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए दिखाई दिए। जेनेलिया और रितेश ने वोट देने के बाद पोलिंग बूथ के बाहर मीडिया से बात की। इस दौरान दोनों ने सभी से जाकर वोट करने का आग्रह किया। जेनेलिया डिसूजा ने इस दौरान कहा, ‘यह बहुत महत्वपूर्ण है। यह एक महत्वपूर्ण दिन है। मतदान महत्वपूर्ण है। सभी नागरिक को अवश्य जाकर मतदान करना चाहिए। मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है।’ रितेश देशमुख ने कहा, ‘मैं अपना वोट डालने के लिए मुंबई से लातूर आया। सभी लोग अपने घरों से निकलें और वोट डालें। आज एक महत्वपूर्ण दिन है। सभी को मतदान अवश्य करना चाहिए।’ गौरतलब है कि रितेश और जेनेलिया 3 फरवरी 2012 को शादी के बंधन में बंधे थे। उनका पहला बेटा रियान नवंबर 2014 में और दूसरा बेटा राहिल जून 2016 में हुआ।वर्कफ्रंट की बात करें तो रितेश देशमुख जल्द ही हाउसफुल 5, दिमाखीलाल, मस्ती 4, विस्फोट, काकुडा और राजा शिवाजी में नजर आएंगे। इसके अलावा वह अजय देवगन की रेड 2 में भी शामिल हो गए हैं। वहीं, जेनेलिया देशमुख जल्द ही आमिर खान के साथ फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ में नजर आएंगी।
