Breaking News
Home / अंतराष्ट्रीय / कांग्रेस में किसने कहा जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 बहाल करेंगे

कांग्रेस में किसने कहा जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 बहाल करेंगे


कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पुणे में भाजपा पर निशाना साधा और अनुच्छेद 370 का मुद्दा उठाने के लिए आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा संसद में सुलझाया जा चुका है और भाजपा इसे समाज में फूट डालने के लिए जीवित रख रही है। खरगे पणे में आयोजित एक सभा में बोल रहे थे।
कांग्रेस में किसने कहा जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 बहाल करेंगे? अमित शाह पर झूठ बोलने का आरोप लगा भड़के खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आर्टिकल 370 पर बयान दिया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस दावे का विरोध किया कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को फिर से लागू करने का इरादा रखती है। खरगे ने कहा कि इस विवादास्पद प्रावधान को संसद ने निरस्त कर दिया है। खरगे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर समाज में विभाजन पैदा करने के लिए अनुच्छेद 370 के मुद्दे को जीवित रखने का आरोप लगाया।पुणे में खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस और उसके वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी को अपशब्द कहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘अमित शाह अपनी चुनावी रैलियों में कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हैं। लेकिन वह खुद कह रहे हैं कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 वापस लाना चाहती है। मुझे बताइए, यह किसने और कब कहा?’
‘कश्मीर में जाकर कहिए’
खरगे ने कहा कि आप एक मुद्दा उठा रहे हैं। अगर यह (अनुच्छेद 370 को निरस्त करने का प्रस्ताव) संसद में पहले ही पारित हो चुका है, तो आप फिर से इस मुद्दे को क्यों उठा रहे हैं? उन्होंने कहा, ‘इसका मतलब है कि आप इस मुद्दे को जिंदा रखना चाहते हैं ताकि लोग बंट जाएं। अगर आप यह कहना चाहते हैं तो कश्मीर जाकर कहिए। कश्मीर में चुनाव खत्म हो चुके हैं।’
जम्मू-कश्मीर में रद्द किया गया था आर्टिकल 370
जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अगस्त 2019 में रद्द कर दिया था। नैशनल कॉन्फ्रेंस के साथ कांग्रेस का गठबंधन है। एनसी जम्मू-कश्मीर में सरकार का नेतृत्व कर रही है। पिछले हफ़्ते जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें केंद्र से कहा गया था कि वह पूर्ववर्ती राज्य के विशेष दर्जे की बहाली के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों से बातचीत करे।
योगी आदित्यनाथ पर बरसे खरगे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के एक नेता कह रहे हैं कि ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ और उन्होंने इस तरह का नारा गढ़ने के पीछे के औचित्य पर सवाल उठाया। राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘ऐसा नारा क्यों दिया? देश एक है। कांग्रेस ने देश को एक रखने के लिए काम किया। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपनी जान कुर्बान की। महात्मा गांधी की हत्या हुई। कांग्रेस ने ये (बलिदान) किया, लेकिन आपने न तो देश की एकता के लिए लड़ाई लड़ी, न ही आजादी के लिए और न ही गरीबों के लिए।’उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही संविधान में आरक्षण का प्रावधान किया था और प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने नौकरियों और शिक्षा में अनुसूचित जातियों/अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षण स्वीकृत करने का काम किया था। खरगे ने कहा कि लेकिन वे (भाजपा) अब भी आरक्षण का मुद्दा उठा रहे हैं।
‘बीजेपी नेहरू, आंबेडकर और पटेल के खिलाफ’
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा नेहरू, आंबेडकर, वल्लभभाई पटेल और सुभाष चंद्र बोस जैसी देश की महान राजनीतिक हस्तियों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर रही है। कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘वे (भाजपा) अब कहते हैं कि बाबा साहब ऐसा करना चाहते थे, लेकिन जवाहरलाल नेहरू ने ऐसा किया। वल्लभभाई पटेल ने ऐसा कहा और बोस ने ऐसा कहा। जब वे जीवित थे, तब आप संविधान के खिलाफ थे। आपने अपने कार्यालय में भारतीय ध्वज भी नहीं रखा।’
‘आप मनु के आधार पर चाहते थे संविधान’
खरगे ने कहा कि आप अशोक चक्र (तिरंगे के मध्य में) को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे और आप मनु (मनुस्मृति, एक प्राचीन धार्मिक ग्रंथ) के आधार पर संविधान चाहते थे और अब आपको संविधान याद आ रहा है। कांग्रेस देश को एकजुट रखना चाहती है और इसके लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ पांच प्रतिशत लोगों के पास 62 प्रतिशत संपत्ति है और 50 प्रतिशत लोगों के पास सिर्फ तीन प्रतिशत संपत्ति है। इस असमानता को कम करने के बजाय मोदी जी सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों को बेचकर अपने मित्रों को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
अडानी पर निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा मादक पदार्थ की आपूर्ति अडानी को दिए गए बंदरगाह पर हो रही है। अक्टूबर में 400 किलो कोकीन जब्त की गई। फरवरी में 4,000 किलो चरस जब्त की गई। अवैध चीजें लाई जा रही हैं जो पुणे, बेंगलुरु, पंजाब के युवाओं को बर्बाद कर रही हैं। यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस और विपक्षी एमवीए महाराष्ट्र में सत्ता में आने पर अपने घोषणापत्रों में वादा की गईं लोकलुभावन योजनाओं के लिए पैसा कैसे जुटाएगा, उन्होंने कहा, हमें सत्ता दीजिए, हम आपको बजट देंगे। हम बजट के अनुसार काम करते हैं।कांग्रेस नेता ने कहा कि हम ‘खोके’ (पैसे के बक्से) में नहीं, बल्कि ‘डोके’ (दिमाग) में विश्वास करते हैं। हमारे पास दिमाग है और उनके पास खोखे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा को राज्य चुनाव प्रचार में अनुच्छेद 370 का मुद्दा उठाने के बजाय राज्य में सोयाबीन और प्याज किसानों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अनुच्छेद 370 पर निर्णय संसद में लिया गया था और यह मुद्दा सुलझ गया है। भाजपा सदस्य महाराष्ट्र के चुनाव प्रचार में इसे क्यों उठा रहे हैं? उन्हें इसे जम्मू और कश्मीर में उठाना चाहिए।

About United Times News

Check Also

“देश का नाम भारत है, इंडिया नहीं” – RSS महासचिव का बड़ा बयान

🔊 पोस्ट को सुनें आरएसएस के राष्ट्रीय महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने कहा है कि भारत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Best WordPress Developer in Lucknow | Best Divorce Lawyer in Lucknow | Best Advocate for Divorce in Lucknow
× Join With Us