बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए घोषणाओं का दौर शुरू हो गया है। तेजस्वी यादव ने कांग्रेस की जगह आम आदमी पार्टी की राह पकड़ी है। कांग्रेस ने दिल्ली में 400 यूनिट फ्री बिजली का एलान किया, लेकिन तेजस्वी ने कुछ और एलान किया।नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुंगेर में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के दौरान बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बिहार में बनी, तो राज्य की जनता को 200 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार से भी इस दिशा में कदम उठाने की मांग की, यह कहते हुए कि बिहार में देश की सबसे महंगी बिजली मिल रही है, जिससे जनता की जेब पर भारी असर पड़ रहा है।
कार्यकर्ता संवाद से संगठन को मिलेगी मजबूती
तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेना और संगठन को मजबूत करना है। मुंगेर प्रमंडल पर विशेष ध्यान देने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि सभी जिलों का दौरा कर समस्याओं का संग्रहण किया जाएगा, जो आगामी चुनावी घोषणा पत्र का हिस्सा बनेगा।
सरकार पर आरोप, रोजगार और बिजली पर जोर
तेजस्वी यादव ने बिजली बिल और भूमि सर्वेक्षण की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो हर परिवार को 200 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि 17 महीने के कार्यकाल में पांच लाख नौकरियां देने का वादा पूरा किया गया था। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि साढ़े तीन लाख नौकरियों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, लेकिन सत्ता बदलने के कारण यह अधूरी रह गई।
‘मुख्यमंत्री की यात्रा फिजूलखर्ची’
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री की यात्रा को फिजूलखर्ची बताते हुए कहा कि 200-250 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं, जिसका हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस यात्रा के जरिए अधिकारियों को ‘लूट की छूट’ दी गई है। तेजस्वी ने केंद्र से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की भी मांग की।
परीक्षा लीक और आरक्षण पर भाजपा को घेरा
तेजस्वी यादव ने बिहार में परीक्षाओं के लगातार लीक होने पर चिंता जताई और कहा कि सरकार इन मुद्दों पर जवाबदेह नहीं है। उन्होंने भाजपा पर जातिगत गणना और आरक्षण विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है, मुख्यमंत्री केवल ‘मुखौटा’ हैं और अधिकारी ही सरकार चला रहे हैं। मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, विधान पार्षद अजय कुमार सिंह समेत कई राजद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
