हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने गोरखपुर में कहा कि भारत अब 1962 वाला नहीं है। उन्होंने पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा कि भारत आतंकवादियों को चुन-चुन कर मार रहा है और दुनिया को चुनौती देने की क्षमता रखता है। भारत की सशक्त सेना और स्वदेशी हथियारों ने पाकिस्तान को धूल चटा दी है।हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला शनिवार को गोरखपुर के सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित विचार गोष्ठी में शामिल हुए। इस दौरान राज्यपाल पाकिस्तान और उसकी गतिविधियों पर हमलावर हुए।राज्यपाल शिव प्रताप ने कहा कि भारत अब वह नहीं रहा जो 1962 में था। आज का नया भारत आतंकवादियों को चुन-चुन कर मार रहा है और पूरी दुनिया को चुनौती देने की क्षमता रखता है। राज्यपाल ने कहा कि भारत के सशक्त नेतृत्व ने पाकिस्तान को उसकी हैसियत बताई है। भारतीय सेना और स्वदेशी हथियारों की ताकत ने पाकिस्तान को धूल चटा दी। उन्होंने कहा कि भारत अब विश्व के हथियार बाजार में एक मजबूत देश बन चुका है और इससे भारत की अर्थव्यवस्था भी सशक्त हुई है। जो अर्थव्यवस्था कभी पांचवें स्थान पर थी, वह अब चौथे स्थान पर पहुंच रही है।उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति को देखकर अब कोई भी दुश्मन आंख उठाकर नहीं देख सकता। सशस्त्र बलों और वैज्ञानिकों की मेहनत से भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। राज्यपाल ने कहा कि शिमला समझौते की याद में राजभवन में भारत और पाकिस्तान दोनों के झंडे लगाए गए थे, लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के झंडे को हटवा दिया है। हालांकि, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और जुल्फिकार अली भुट्टो की तस्वीरें यथावत रखी गई हैं, ताकि इतिहास का सम्मान बना रहे। क्योंकि हम सभी का सम्मान करने वाले लोग हैं अपमान नहीं।
