भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे पी नड्डा सोमवार को सोलन पहुंचेगे, जहां वे तिरंगा यात्रा में भाग लेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कोर कमेटी की बैठक भी बुलाई है जिसमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, हिमाचल प्रदेश में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल जैसे वरिष्ठ नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है। बिंदल ने बताया कि तिरंगा यात्रा माल रोड पर निकाली जाएगी, जहां सांसद अनुराग ठाकुर भी मौजूद रहेंगे।
एक महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत, पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सफल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को सम्मानित करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में ‘तिरंगा यात्रा’ आयोजित की जा रही है। इसमें भाजपा के नेता बढ़चढ़ के हिस्सा ले रहे हैं। बिहार में ऑपरेशन सिंदूर के सफल समापन के बाद भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति अटूट समर्थन व्यक्त करने के लिए पटना में तिरंगा यात्रा निकाली गई। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की भारी भीड़ शामिल हुई।इससे पहले जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में चिकित्सा सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण करना केन्द्र सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। नड्डा यहां मुख्यमंत्री निवास पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं, जिनसे ‘निरामय राजस्थान‘ की संकल्पना साकार होने लगी है।
