लखनऊ । राजधानी लखनऊ में सोमवार को मौसम बदल गया। सुबह तेज धूप रही। 9 बजे बाद बादल छा गए। ठंडी हवा के साथ कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। लगभग आधे घंटे बाद फिर से तेज धूप हो गई। दोपहर तक गर्म हवाएं चलने लगीं। लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 19 जिलों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 6 जिलों में ओले पड़ने का अनुमान लगाया गया है। प्रदेश में अगले 3 दिनों तक उमस की मार झेलनी पड़ेगी। 3 दिन के बाद फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस समय बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से ठंडी हवाएं आ रही हैं। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव गंगा के मैदानी इलाकों पर है। राजस्थान के थार मरुस्थल से आने वाली गर्म हवाएं थमी हुई हैं। इस वजह से लगातार मौसम में बदलाव देखने के लिए मिल रहा है।
दिन में थोड़ी उमस बढ़ सकती है, लेकिन मौसम सुहाना रहेगा। हवाओं की रफ्तार तेज बनी रहेगी। मंगलवार से फिर हवा कमजोर पड़ सकती है। तापमान 1-1 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा और गर्मी भी बढ़ेगी। लखनऊ के आसपास के जिलों उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, रायबरेली में बारिश और आंधी की संभावना नहीं है। पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ में बूंदाबांदी हो सकती है। पश्चिमी यूपी में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार के साथ तेज हवा चलेगी, लेकिन मौसम साफ बना रहेगा।
000000
