हरियाणा में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस हाईकमान एक्शन मोड में हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि नेताओं ने अपने हित को पार्टी हित से ऊपर रखा। कयास लगाए जा रहे हैं कि हरियाणा के प्रभारी दीपक बाबरिया और प्रदेशाध्यक्ष उदयभान की छुट्टी हो सकती है। वहीं सैलजा को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है।हरियाणा के विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस नेताओं में घमासान जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान जहां हार का ठीकरा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर फोड़ रहे हैं, वहीं कई प्रत्याशी गुटबाजी को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।इस बीच कांग्रेस आलाकमान की ओर से मिल रहे संकेतों के मुताबिक हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया और प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान की छुट्टी हो सकती है। साथ ही विधानसभा में गैर जाट विधायक को विपक्ष का नेता बनाया जा सकता है।