कमल हासन के निर्देशन और अभिनीत फिल्म ‘हे राम’ साल 2000 में रिलीज हुई थी। यह एकमात्र ऐसी भारतीय फिल्म थी, जो एक समय में दो भाषाओं तमिल और हिंदी में शूट की गई थी। शाहरुख खान, नसीरुद्दीन समेत कई स्टार कलाकारों से सजी इस फिल्म ने आज अपनी रिलीज के 25 साल पूरे कर लिए हैं। आइए जानते हैं इस फिल्म के बारे में…कमल हासन फिल्म इंडस्ट्री में अपन शानदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। उनके निर्देशन में बनी फिल्म ‘हे राम’ भारतीय सिनेमा की एक अनूठी रचना थी, जो ऐतिहासिक और राजनीतिक विषयों पर आधारित थी। इस फिल्म में महात्मा गांधी से जुड़ी कहानी को दिखाया गया था, जिसने लोगों को प्रभावित किया था। साथ ही यह फिल्म विवादों में भी रही थी, इसके बावजूद इसने कई अवार्ड अपने नाम किए थे। हे राम’ फिल्म की कहानी भारत की आजादी के संघर्षों के दिनों की है, जिसमें गांधीजी की हत्या को एक अलग नजरिए से दिखाया जाता है। फिल्म में महात्मा गांधी की भूमिका में नसीरुद्दीन शाह नजर आए थे। हालांकि, कमल हासन ने पहले बेन किंग्सले को गांधी के किरदार में लेना चाहा था। इसकी कहानी की मुख्य भूमिका में कमल हासन (सक्थी रामन) थे, जिनकी पत्नी रानी मुखर्जी (अपर्णा) का विभाजन के दौरान सांप्रदायिक दंगों में दुर्व्यवहार करके हत्या कर दी जाती है। इस घटना के बाद कमल हासन को लगता है कि यह सब गांधी की अहिंसा नीति के कारण हुआ है, फिर वह गांधी की हत्या करने का मन बनाते हैं। हालांकि, बाद में उन्हें यह समझ आ जाता है कि गांधी के विचार गलत नहीं है और वह उन्हें मारने की इच्छा त्याग देते हैं। फिल्म ‘हे राम’ में कमल हासन के अलावा शाहरुख खान, रानी मुखर्जी, हेमा मालिनी, नसीरुद्दीन शाह, फरीदा जलाल और अतुल कुलकर्णी महत्वपूर्ण भूमिका में थे।बॉलीवुड में अपने अभिनय का जादू बिखेरने वाले शाहरुख खान की तमिल इंडस्ट्री में यह पहली फिल्म थी। कमल हासन ने शाहरुख खान को अमजद अली के भूमिका के लिए कास्ट किया था। इस फिल्म में पहली बार शाहरुख ने तमिल भाषी ना होते हुए भी तमिल में डब किया था। बताया जाता है कि शाहरुख ने इस फिल्म के लिए कोई भी फीस नहीं ली थी। उनका मानना था गुरु के सामने काम करना ही सबसे बड़े सौभाग्य की बात है।
