बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनकी ‘जंगल राज टिप्पणी’ के लिए पलटवार किया और सवाल उठाया कि पीएम ने बिहार के लिए क्या किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने आईटी नीति, पर्यटन नीति, खेल नीति बनाई। बिहार में पहली बार 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश का एमओयू साइन हुआ। उन्होंने कहा कि अगर वे (भाजपा) इसे ‘जंगल राज’ कहते हैं तो मैं इस पर क्या कह सकता हूं? तेजस्वी ने सवाल करते हुए कहा कि हमें गाली देने के बजाय प्रधानमंत्री ने पिछले 10 वर्षों में बिहार के लिए क्या किया? प्रधानमंत्री ने सिर्फ 4 चीजें बताई हैं- बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी और जुमलेबाजी। इससे पहले दिन में, राजद पर तीखा हमला बोलते हुए, पीएम ने बिहार के गया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी “भ्रष्टाचार और गुंडा राज” का प्रतीक है। पीएम मोदी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के संस्थापक जीतन राम मांझी के लिए प्रचार किया, जो गया से एनडीए उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।मोदी ने अपने आरोप में कहा कि बिहार में जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा राजद है। बिहार में भ्रष्टाचार का दूसरा नाम राजद है। बिहार की बर्बादी की सबसे बड़ी गुनाहगार राजद है। उन्होंने कहा कि राजद ने बिहार को केवल दो ही चीजें दी हैं- जंगलराज, और भ्रष्टाचार! इन्हीं का दौर था, जब बिहार में अपहरण और फिरौती एक उद्योग बन गया था। हमारी बहन-बेटियां घर से बाहर नहीं निकल पाती थी, हमारे गया जैसे इलाके नक्सली हिंसा की आग में जलते रहते थे। राजद ने बिहार के कितने ही परिवारों को बिहार छोड़कर जाने पर मजबूर कर दिया था।
