प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को जवाहरलाल नेहरू की पुण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि मैं पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत के पहले प्रधान मंत्री और स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी, नेहरू का 1964 में 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। इससे पहले दिन में कांग्रेस नेताओं ने नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आधुनिक भारत के शिल्पकार, भारत को वैज्ञानिक, आर्थिक, औद्योगिक व विभिन्न क्षेत्रों में आगे ले जाने वाले, लोकतंत्र के समर्पित प्रहरी, स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री व हमारे प्रेरणास्रोत, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के अतुलनीय योगदान के बिना भारत का इतिहास अधूरा है। उन्होंने कह कि नेहरू लोकतंत्र के समर्पित संरक्षक और हमारे प्रेरणा स्रोत थे। खड़गे ने कहा कि हिंद के जवाहर की पुण्यतिथि पर हमारी विनम्र श्रद्धांजलि।
