उरई/जलौन । सिरसाकलार थाना क्षेत्र के जरगांव में घर लौट रहे युवक को गांव के ही चार लोगों ने घेरकर तमंचे से गोली मारने के बाद चाकू से गोद दिया था। घायल अवस्था में परिजनों ने उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। जहां गंभीर हालत होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया था। गुरुवार की रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि एक गिरफ्त से बाहर है। थाना क्षेत्र के जरगांव निवासी पुष्पेंद्र सिंह सेंगर 15 मई को एक कार्यक्रम में शामिल होने तरसौर गया था। जहां से वह देर रात घर लौट रहा था। तभी पहले से ही घात लगाए बैठे गांव के ही केशव सिंह, गोलू, माधव व शिवा ने उसे घेरकर तमंचे से फायर कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद आरोपियों ने उसके ऊपर चाकू से कई बार किए थे। जिससे वह मरणासन्न होकर गिर पड़ा था। इसके बाद आरोपी उसे मृत समझकर वहीं पर छोड़कर भाग गए थे। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे मेडिकल कालेज ले गए थे। जहां गंभीर हालत होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया था। तभी से उसका वहीं पर इलाज चल रहा था। गुरुवार की रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता देवेंद्र ने बताया कि वह खेती किसानी में उसका सहयोग करता था। उसके दो बच्चे हैं। उसकी मौत से मां आशा पत्नी श्यामा सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सीओ राम सिंह का कहना है कि मामले में तीन आरोपियों माधव, गोलू व शिवा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी। चौथे मुख्य आरोपी केशव को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
