नोएडा । नोएडा में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम में अचानक बदलाव आने की उम्मीद है। इसका असर शनिवार रात से देखने को मिला। रविवार को सुबह बादल छाए रहे। हल्की बारिश की उम्मीद भी जताई जा रही है। इससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आएगी। रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक जा सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने की संभावना है। 3 जून तक बादल और बारिश की संभावना है। इसकी वजह एक पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। इसका आंशिक असर यहां देखने को मिल रहा है। हालांकि 4 जून से लेकर 7 जून तक धूप और बादल दोनों छाएंगे। यानी दिन भर धूप छाव का खेल रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 और 42 डिग्री के आसपास रहेगा। इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी 28 से 29 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। इसके अलावा लू चलेगी। हवा की रफ्तार 5 से 8 किमी प्रतिघंटा रहेगी। हालांकि भीषण गर्मी के चलते लोग बेहाल है। नोएडा जैसे नो पावर कट जोन में दिन और रात दोनों समय पावर सप्लाई के कट ही कट हो रहे है। लोकल फाल्ट और शट डाउन की वजह से यहां बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। यहां रोजाना की डिमांड 2400 मेगावॉट के आसपास है। अधिकारियों ने बताया कि बारिश होने के बाद डिमांड में कमी आएगी। जिससे सप्लाई सुचारु हो सकेगी। साथ फाल्ट भी कम होंगे।
