लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरूवार को अयोध्या के विकासखंड रुदौली के ग्राम भौली मे उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह बाबू जी की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्होंने गुजरात के अहमदाबाद मे हुयी विमान दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया, संवेदना व्यक्त की तथा यहां पर अपने सम्मान में होने वाले कार्यक्रमों को स्थगित किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मूर्ति अनावरण के पश्चात विकसित भारत का अमृत काल,सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा कार्यक्रम में पहुंचे जहां उन्होंने सर्वप्रथम विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी में स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने अपने सम्बोधन मे कहा कि आज गुजरात के अहमदाबाद मे विमान हादसा हुआ है। हादसे की सूचना प्राप्त होने पर कार्यक्रम को स्थगित करने का विचार था, परंतु रुदौली की जनता का पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के प्रति प्रेम व सम्मान को देखते हुए भारी मन से आना पड़ा। इसके उपरांत उन्होंने विधायक रुदौली से आग्रह किया कि कुछ दिनों पश्चात यहां पर पुनः एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाए, जिसमें हम सभी शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है,जिसका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिल रहा है। उन्होंने कहा डबल इंजन की सरकार द्वारा गरीबों को मुफ्त राशन, इलाज के लिए 5 लाख तक का आयुष्मान कार्ड, महिलाओं के लिए उज्जवला गैस योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। जनसभा कार्यक्रम का समापन विधायक रुदौली रामचंद्र यादव द्वारा सम्बोधन कर किया गया। इससे पहले पूर्व सांसद ,स्वर्गीय कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह ने अपने सम्बोधन मे बाबू जी के राम जन्मभूमि आंदोलन,व उनके जीवन से जुडे विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया।
