हेमा मालिनी, डिम्पल ,जयवीर, आदित्य ,राजवीर, एसपी सिंह बघेल समेत कई दिग्गजों की साख दांव पर
लखनऊ । बृज की सीटों पर चुनावी चौसर सज चुकी है। शाहजहांपुर को छोड़पहले तीन चरणों में ब्रज क्षेत्र की 13 लोकसभा सीटें शामिल हैं। ब्रज की सभी सीटों पर त्रिकोंणीय मुकाबला है। पीलीभीत में मतदान हो चुका है। बरेली, मैनपुरी, अलीगढ़ सहित कई सीटों पर लड़ाई रोचक है। अधिकांश सीटों पर बसपा मुकाबले को आमने-सामने का होने से रोकने में लगी है। भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश को छह क्षेत्रों में बांट रखा है। ब्रज क्षेत्र में 13 लोकसभा सीटें शामिल हैं।यहाँ पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा की स्थिति मजबूत रही। सपा के गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी, फिरोजाबाद भी ब्रज क्षेत्र का हिस्सा हैं। ब्रज की पीलीभीत लोकसभा सीट पर पहले ही चरण में मतदान हो चुका है। इस सीट पर सबकी नजरें इसलिए जमीं हैं क्योंकि भाजपा ने यहां अपने फायरब्रांड सांसद वरुण गांधी का टिकट काटकर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद को उतारा था।दूसरे चरण में ब्रज की मथुरा और अलीगढ़ सीटें शामिल हैं। मथुरा सिने तारिका हेमा मालिनी की वजह से खास है, जहाँ से हेमा मालिनी हैट्रिक बनाने की फिराक में हैं। सपा-कांग्रेस गठबंधन ने मुकेश धनगर को उतारा है और बसपा ने सुरेश सिंह के रूप में जाट प्रत्याशी देकर लड़ाई को त्रिकोणीय बना दिया है। अलीगढ़ सीट से भाजपा के सतीश गौतम भी तीसरी बार संसद पहुंचने के लिए मैदान में हैं। सपा-कांग्रेस गठबंधन ने जाट और बसपा ने ब्राह्मण प्रत्याशी देकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। मैनपुरी सपा की परंपरागत सीट है। मुलायम सिंह के निधन के बाद उपचुनाव में जीतीं। डिंपल फिर मुलायम की विरासत बचाने को मैदान में हैं। भाजपा ने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को उतारा है। बसपा के शिवप्रसाद यादव मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में लगे हैं। बरेली लोकसभा सीट पर आठ बार के सांसद संतोष गंगवार का टिकट कटने के बाद भाजपा के प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार का इंडिया गठबंधन के प्रवीण सिंह ऐरन और बसपा के छोटेलाल गंगवार से मुकाबला है।बदायूं में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति है। भाजपा के दुर्विजय शाक्य का मुकाबला सपा गठबंधन के आदित्य यादव से है। बसपा के मुस्लिम खान लड़ाई को त्रिकोणीय बनाने के लिए संघर्षरत हैं। आंवला सीट पर भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप का मुकाबला सपा गठबंधन के नीरज मौर्य और बसपा के आबिद अली से है। एटा में भाजपा के राजवीर सिंह राजू भैया तीसरी बार जीतने की कोशिश में है। सपा के देवेंद्र शाक्य उनके मुकाबिल हैं। बसपा के मुहम्मद इरफान लड़ाई को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं। फिरोजाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा ने चंद्रसेन जादौन का टिकट काटकर विश्वदीप सिंह को उतारा है। उनका मुकाबला सपा के अक्षय यादव से है। वहीं बसपा ने मुस्लिम मतों में सेंधमारी की गरज से सतेंद्र जैन सोली का टिकट बदलकर चौधरी बशीर को मैदान में उतारा है।आगरा सुरक्षित सीट पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल दूसरी बार मैदान में हैं। सपा के सुरेश चंद्र कर्दम और बसपा की पूजा अमरोही लड़ाई त्रिकोणीय बनाने को प्रयासरत हैं। फतेहपुर सीट से सांसद और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्षराजकुमार चाहर दूसरी बार मैदान में हैं। कांग्रेस के रामनाथ सिकरवार और बसपा के रामनिवास शर्मा लड़ाई को रोचक बना रहे हैं। हाथरस सुरक्षित सीट पर भाजपा से मैदान में अनूप प्रधान वाल्मीकि प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री हैं। उनके मुकाबले सपा ने जसवीर वाल्मीकि और बसपा ने हेमबाबू धनगर को उतारा है। चौथे चरण में शामिल शाहजहांपुर सीट से भाजपा के अरुण सागर का मुकाबला सपा गठबंधन के राजेश कश्यप और बसपा के डा. दोदराम वर्मा से है।ब्रज क्षेत्र में शामिल लोकसभा सीटें क्रमशः आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, एटा, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, बदायूं, आंवला, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर हैं।
